कान्हा की नगरी मथुरा में होली की धूम मची हुई है। हर बार होली का त्योहार यहां बेहद खास तरीके से मनाया जाता है. फुलेरा दौज के अवसर पर भगवान श्री राधा वल्लभलाल ने हुरियारे के रूप में अपने भक्तों को दर्शन दिए। इस अवसर पर मंदिर में एक खास परंपरा की शुरुआत की गई, जिसमें राधा वल्लभलाल की कमर में गुलाल का फेंटा बांधने की रस्म अदा की गई।
यह भी पढ़ें:महिला सम्मान योजना: दिल्ली में महिलाओं को मिलेगा 2500 रुपये, नियम व शर्तें जल्द घोषित
वृंदावन के अठखंभा स्थित प्राचीन ठाकुर राधावल्लभ लाल मंदिर में शनिवार को फुलेरा दूज पर होली महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धा और भक्ति के रंगों से सराबोर इस उत्सव में, आराध्य ने कमर में गुलाल का फेंटा बांधकर भक्तों के साथ होली खेली।
वह दृश्य वाकई बहुत ही मनमोहक था। मंदिर में भक्तों ने गुलाल उड़ाने का आनंद लिया और यह रंगीन उत्सव हर किसी को आनंदित कर गया। इसके साथ ही, मंदिर के सेवायत गोस्वामियों ने राधा वल्लभलाल की पूजा अर्चना की और उन्हें गुलाल से श्रृंगारित किया।
इसके बाद भक्तों पर प्रसादी गुलाल डाला गया, जिससे मंदिर परिसर में होली की उमंग और जोश का माहौल और भी गहरा गया। भक्तों के चेहरे पर खुशी और उल्लास साफ दिखाई दे रहा था।अब राधा वल्लभ मंदिर में प्रतिदिन होली का आयोजन होगा, जिसमें रंगभरनी एकादशी से लेकर होलिका दहन तक प्राकृतिक रंगों से होली खेली जाएगी।
“मंदिर के तिलकायत अधिकारी आचार्य मोहित मराल गोस्वामी ने बताया कि फुलेरा दूज से ठाकुरजी की कमर में फेंटा बांधने और कपोलों पर गुलाल लगाने की परंपरा की शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही मंदिर में प्रतिदिन गुलाल से होली खेलने की परंपरा भी शुरू हो गई है।
वहीं, युवराज शोभित लाल गोस्वामी ने बताया कि शृंगार आरती के बाद प्रतिदिन गुलाल की होली खेलने की शुरुआत की गई है।





