मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां नोएडा से आगरा की ओर जा रहे एक कैंटर को पीछे से तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी, जिससे कैंटर चालक सहित 33 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. जहां नोएडा से आगरा की ओर जा रहे एक कैंटर से एक तेज रफ्तार बस पीछे से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी की बस यमुना एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 10 फीट गहरी सर्विस रोड पर पलट गई। हादसे में कैंटर चालक सहित कुल 33 लोगों के घायल होने की सूचना है.
घटना की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों में से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में एडमिट कराया गया है।
बलदेव थाना प्रभारी त्रिलोक सिंह ने बताया कि कैंटर और बस के बीच में टक्कर हुई है. पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल भिजवा दिया है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाकर यातायात पुनः शुरू कराया ।