उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद क्षेत्र में बने गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को वायुसेना ने दिन और रात दोनों समय में लड़ाकू विमानों की लैंडिंग का सफल ट्रायल कर इतिहास रच दिया। यह देश का पहला एक्सप्रेसवे बन गया है, जहां राफेल, मिराज और जगुआर जैसे लड़ाकू विमान नाइट लैंडिंग कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें: Rakesh Tikait: मुजफ्फरनगर में राकेश टिकैत का विरोध, धक्का-मुक्की में सिर से गिरी पगड़ी
गंगा एक्सप्रेसवे पर 3.5 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य युद्ध या आपदा की स्थिति में वैकल्पिक रनवे के तौर पर इसका इस्तेमाल करना है। शुक्रवार दोपहर को आयोजित एयर शो में इन लड़ाकू विमानों ने ‘टच एंड गो’ अभ्यास किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।
रात में भी लैंडिंग कराकर एयर स्ट्रिप की नाइट ऑपरेशन क्षमताओं का परीक्षण किया गया। सुरक्षा के लिहाज से हवाई पट्टी पर करीब 250 CCTV कैमरे लगाए गए हैं।
गौरतलब है कि मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले इस 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेजी से जारी है, जिसमें से बदायूं से प्रयागराज तक 464 किमी के हिस्से का निर्माण अदाणी समूह कर रहा है। एक्सप्रेसवे को आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकता है।
यह परियोजना डिजाइन, निर्माण, वित्त, संचालन और हस्तांतरण (DBFOT) मॉडल पर आधारित है और इसे भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे कहा जा रहा है।





