ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार चार दोस्तों की मौत हो गई। मृतकों में दो नाबालिग शामिल थे। बताया जा रहा है कि चारों को सभी एक ही बाइक पर सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।चारों युवक इंस्टाग्राम रील बनाने के बाद लखनावली से लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक की सामने से आ रही वैगनआर कार (UP16 CR 3293) से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सेक्टर-39 जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान सुमित (16), लवकुश (17) दोनों सगे भाई, मोनू ठाकुर (18) और रिहान (18) के रूप में हुई है। बाइक मोनू चला रहा था, जो हाल ही में खरीदी गई थी।पुलिस ने कार को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है। हादसे से इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें: गुजरात पहुंचे पीएम मोदी ने 5400 करोड़ की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, 3 किमी लंबा रोड शो किया
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के कुलेसरा पुश्ता रोड पर सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। एक ही बाइक पर सवार चार दोस्तों की कार से टक्कर में मौत हो गई। मृतकों में दो नाबालिग भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है की चारों युवक टीवीएस राइडर बाइक पर सवार होकर इंस्टाग्राम के लिए रील बनाने के बाद लौट रहे थे। जब वे लखनावली से कुलेसरा की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक वैगनआर कार (यूपी 16 सीआर 3293) से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भयानक था कि सभी युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान सुमित (16) और लवकुश (17) दोनों सगे भाई के रूप में हुई है। अन्य दो मृतक रिहान (18) और मोनू ठाकुर (18) बताए गए हैं। मोनू और रिहान एक स्थानीय फैक्ट्री में काम करते थे। बाइक मोनू ठाकुर की थी, जो हाल ही में खरीदी गई थी और वही बाइक चला रहा था। चारों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा, शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में मातम का माहौल रहा और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।





