मथुरा और वृंदावन में गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को देखते हुए पूरे शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। मथुरा पुलिस ने सुरक्षा कारणों से कुल 47 मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का निर्णय लिया है, जिसमें वृंदावन के 24 और मथुरा के 23 मार्ग शामिल हैं। यह ट्रैफिक व्यवस्था गुरुवार सुबह 7 बजे से लागू कर दी जाएगी और वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी भी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित मार्गों से नहीं गुजर सकेंगे।
राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने के समय सभी प्रकार के निजी, वाणिज्यिक और सार्वजनिक वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वृंदावन में छटीकरा अंडरपास से लेकर परिक्रमा मार्ग, गरुड़ गोविंद गेट, राल तिराहा, वैष्णोदेवी पार्किंग, रुक्मिणी बिहार, सौ फुटा तिराहा, पानी घाट तिराहा, जैत कट और कैलाश नगर चौराहा जैसे प्रमुख मार्गों को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। इसी प्रकार, भारी वाहनों का प्रवेश कई स्थानों से रोक दिया गया है।
वहीं मथुरा शहर में भी गोवर्धन चौराहा, मंडी चौराहा, भूतेश्वर तिराहा, गोकुल रेस्टोरेंट, मसानी चौराहा, चौक बाजार, होलीगेट, विश्रामघाट, मछली फाटक, यादव चौराहा, राजेश्वर मंदिर तिराहा, स्टेशन रोड, स्टेट बैंक चौराहा जैसे स्थानों से वाहनों की आवाजाही वीवीआईपी मूवमेंट के समय पूरी तरह बंद रहेगी।
रोडवेज बसों और भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। ये वाहन जयगुरुदेव कट, औद्योगिक क्षेत्र और मालगोदाम के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वृंदावन से यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले भारी वाहन अब मथुरा टाउनशिप चौराहा, गोकुल बैराज मोड़ और लक्ष्मीनगर तिराहा होकर निकल सकेंगे।
ट्रैफिक डायवर्जन के तहत, यमुना एक्सप्रेसवे वृंदावन कट से आने वाले वाहन राया कट के माध्यम से एनएच-19 की ओर भेजे जाएंगे। वहीं मथुरा शहर में प्रवेश करने वाले सभी व्यावसायिक और भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे गुरुवार को बहुत जरूरी कार्य होने पर ही घर से निकलें और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें। सुरक्षा को देखते हुए किसी भी प्रकार की ट्रैफिक उल्लंघन की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





