अहमदाबाद विमान हादसा: लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट टेकऑफ के बाद क्रैश, PM मोदी समेत कई दिग्गज नेताओं ने विमान हादसे पर जताया दुख

अहमदाबाद विमान हादसा

गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया. यह बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रहा था। सूत्रों के हवाले से खबर है कि विमान में 2 पायलट, 10 क्रू समेत कुल 242 लोग सवार थे। बताया गया है की यह विमान अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भर रहा था, लेकिन टेकऑफ के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार फैल गया।हादसे के बाद बड़ी संख्या में अग्निशमन दल, एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने क्षेत्र में ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है।सूत्रों के अनुसार, विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे। एयर इंडिया और प्रशासन की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

यह भी पढ़ें: राशिफल 12 जून 2025: आज दिन गुरुवार, बन रहा है सिद्धि योग, इन राशियों लोगों की धर्म कर्म में रुचि बढ़ेगी, नई संपत्ति खरीदने की संभावना है।

अहमदाबाद में आज दोपहर एक भयावह विमान दुर्घटना घटी, जिसमें एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर शामिल थे। विमान ने दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी और महज 9 मिनट बाद, लगभग 625 फीट की ऊंचाई पर मेघानी नगर क्षेत्र में एक आवासीय इलाके में गिरकर आग का गोला बन गया।

विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें 2 पायलट, 10 क्रू मेंबर, और 230 यात्री शामिल हैं। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के भी विमान में सवार होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि उनकी स्थिति की पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।

इस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए भारतीय विमानन प्राधिकरण (DGCA) और एयर इंडिया ने जांच शुरू कर दी है। यह हादसा बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान के लिए पहला घातक हादसा है।

राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे के बाद NDRF, भारतीय वायुसेना, सेना, पुलिस, और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। DGCA, एयर इंडिया, और राज्य प्रशासन लगातार राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

विमान जिस इमारत से टकराया, उसमें सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स रहते हैं। जानकारी के अनुसार 15 डॉक्टर घायल हुए हैं।

आधिकारिक प्रतिक्रियाएं

राष्ट्रपति मुर्मू ने अहमदाबाद विमान हादसे पर जताया दुख
राष्ट्रपति भवन की तरफ से एक्स पर किए गए पोस्ट में लिखा गया- अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बारे में जानकर मैं बहुत दुखी हूं। यह एक हृदय विदारक आपदा है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।

पीएम मोदी ने अहमदाबाद विमान हादसे पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ‘अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे हृदय विदारक है। इस दुख की घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।’

  • पीएम मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की है और हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
  • एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने हादसे पर दुख जताते हुए बताया कि एक इमरजेंसी हेल्प सेंटर और कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है।

अहमदाबाद हवाई अड्डे के बाहर बनाया जा रहा है सहायता डेस्क
लंदन जाने वाली एयर इंडिया विमान दुर्घटना के यात्रियों के रिश्तेदारों के लिए अस्थायी रूप से बंद अहमदाबाद हवाई अड्डे के बाहर एक सहायता डेस्क और सहायता क्षेत्र स्थापित किया जा रहा है।

प्रभावितों की सहायता के लिए कदम

  • अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सहायता डेस्क स्थापित किया गया है।
  • आपातकालीन नंबर: 079-25620359 (अहमदाबाद पुलिस)
  • नागरिक उड्डयन मंत्रालय कंट्रोल रूम: 011-24610843, 9650391859

एयरपोर्ट संचालन ठप

सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से फिलहाल सभी उड़ानें स्थगित कर दी गई हैं। रेलवे ने भी स्थिति को देखते हुए अहमदाबाद से मुंबई और दिल्ली के लिए विशेष ट्रेनें चलाने की तैयारी की है।

Trending Videos you must watch it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »