कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोतिहारी में ‘हर घर अधिकार यात्रा’ के तहत अपनी पहली बिहार रैली को संबोधित किया और केंद्र व राज्य सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब बदलाव का वक्त है और लोगों से महागठबंधन को जिताने की अपील की। प्रियंका ने दावा किया कि कांग्रेस के शासन में बिहार से IAS निकलते थे, अब सिर्फ मजदूर पलायन कर रहे हैं। उन्होंने मोदी-अडाणी-अंबानी के रिश्तों और मखाने पर टैक्स जैसे मुद्दों को उठाया।पटना में महिला संवाद कार्यक्रम में प्रियंका गांधी ने रोजगार, महिला सुरक्षा और सम्मान की बात करते हुए कई वादे किए, जैसे हर जरूरतमंद महिला को 2,500 रुपए प्रतिमाह, 25 लाख तक का मुफ्त इलाज और भूमिहीनों को जमीन का मालिकाना हक। कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी समस्याएं साझा कीं, जिनमें मानदेय, सुरक्षा और रोजगार प्रमुख रहे। प्रियंका ने कहा कि सरकार चुनाव से पहले सिर्फ पैसे देकर सम्मान खरीदना चाहती है।कार्यक्रम के अंत में उन्होंने महिलाओं के साथ ‘हम होंगे कामयाब’ गाना गाया और सेल्फी ली।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोतिहारी के गांधी मैदान में ‘हर घर अधिकार यात्रा’ के तहत पहली बार बिहार में जनसभा को संबोधित किया और राज्य व केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब हाल बदलने का समय आ गया है और लोगों से बदलाव लाने की अपील की। प्रियंका ने कांग्रेस के 70 साल के शासन को जनता के अधिकारों को मजबूत करने वाला बताया और कहा कि तब बिहार से IAS निकलते थे, अब मजदूर निकल रहे हैं।
उन्होंने मोदी सरकार पर हमला करते हुए अडाणी-अंबानी को प्रधानमंत्री के दोस्त बताया और मखाने पर टैक्स लगाने का मुद्दा उठाया। डोनाल्ड ट्रंप और मोदी के रिश्तों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बीते 20 वर्षों से वोट चोर सत्ता में बैठे हैं।
प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस सरकार में बिहार में शिक्षण संस्थान, उद्योग, सड़कें और बांध बने थे और यही कारण था कि यहां के लोग सबसे ज्यादा IAS और IFS बनते थे। लेकिन आज हालात यह हैं कि रोजगार के अभाव में पूरे बिहार से पलायन हो रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली, हिमाचल और केरल तक बिहार के मजदूर काम कर रहे हैं।
महिलाओं के सम्मान पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले पैसे देकर सम्मान नहीं मिलता, असली सम्मान तब मिलेगा जब सही मानदेय और सुरक्षा दी जाएगी, जो मोदी-नीतीश सरकार नहीं दे सकती। उन्होंने NDA सरकार को 20 साल के शासन में निकम्मा बताते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही तरह-तरह के ऐलान किए जाते हैं, जबकि असल में महिलाओं और किसानों के लिए कुछ नहीं किया गया।
प्रियंका गांधी ने लोगों से बीजेपी की सरकार को हटाकर महागठबंधन को जिताने की अपील की ताकि बिहार के लोग गर्व से कह सकें कि उन्हें बिहार में ही नौकरी मिलती है और पलायन नहीं करना पड़ता।
पटना में महिला संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि महिलाओं की शक्ति को पार्टियां चुनाव के समय पहचानती हैं और पैसे देकर खरीदने की कोशिश करती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपनी ताकत और सम्मान को पहचानने की अपील की। बेरोजगारी और गरीबी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि रोजगार न होने की वजह से पुरुष पलायन करते हैं और महिलाएं अकेली रह जाती हैं।
प्रियंका ने की कई घोषणाएं
प्रियंका ने इस मौके पर कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनी तो जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपए दिए जाएंगे। राजस्थान की तर्ज पर 25 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज और स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा। भूमिहीनों को जमीन का मालिकाना हक महिलाओं को मिलेगा।
महिला संवाद कार्यक्रम में करीब 2000 महिलाएं शामिल हुईं, जिनमें आंगनबाड़ी वर्कर, जीविका दीदी, घरेलू कामगार, वकील, डॉक्टर और आशा कार्यकर्ता थीं। महिलाओं ने अपनी समस्याएं प्रियंका गांधी के सामने रखीं। किसी ने फुल टाइम काम के बदले पार्ट टाइम वेतन की शिकायत की, तो किसी ने महिला सुरक्षा पर चिंता जताई।
कार्यक्रम के अंत में प्रियंका गांधी ने महिलाओं के साथ ‘हम होंगे कामयाब’ गाना गाया और मंच पर सेल्फी भी ली। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भी संविधान की रक्षा की बात करते हुए सरकार पर वोट और जमीन चोरी के आरोप लगाए।
‘





