बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी गुरुवार को अपने पति राज कुंद्रा के साथ वृंदावन और बरसाना पहुंचीं। वृंदावन में दोनों ने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान राज कुंद्रा ने संत के प्रति भावुकता व्यक्त करते हुए उन्हें अपनी एक किडनी दान करने की इच्छा जताई। लेकिन प्रेमानंद महाराज ने विनम्रता से यह प्रस्ताव ठुकरा दिया और कहा कि आप स्वस्थ रहें, यही मेरे लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद है।
करीब सात मिनट की मुलाकात में शिल्पा और राज ने संत से शांति और जीवन के उद्देश्य को लेकर संवाद किया। शिल्पा ने राधा नाम जप की विधि के बारे में जानकारी ली, जिस पर संत प्रेमानंद ने बताया कि जैसे भी जप करो, राधा नाम हर कष्ट से मुक्त करेगा। संत ने जीवन को अभिनय बताते हुए कहा कि इसे परमात्मा के लिए जिया जाए, तभी यह सफल होता है।
मुलाकात के दौरान प्रेमानंद महाराज ने बताया कि उनकी दोनों किडनियां फेल हो चुकी हैं और वे पिछले दस वर्षों से इसी स्थिति में जी रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने मृत्यु को लेकर किसी भी प्रकार का भय नहीं बताया।
शिल्पा और राज की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। दोनों ने आश्रम में करीब 20 मिनट बिताए और श्रद्धा से सत्संग में भाग लिया। इसके बाद शिल्पा शेट्टी पहली बार बरसाना स्थित श्रीजी मंदिर पहुंचीं और राधारानी के दर्शन किए।
मंदिर सेवायत ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। दर्शन के बाद शिल्पा ने कहा, बरसाना आकर आत्मा को सच्चा सुकून मिला, यह स्थान दिव्यता से भरा है।