उत्तर प्रदेश के मथुरा तीर्थनगरी से भीषण सड़क हादसे का मामला सामने आया है जहां एक रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रैक्टर मिक्सर में जा घुसी। हादसे में एक युवक की मौत हो गयी तो वहीं पांच लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। बस अलीगढ़ की तरफ से आ रही थी।
यह भी पढ़ें :राष्ट्रपति ने संसद अभिभाषण में इमरजेंसी को बताया संविधान पर सबसे बड़ा हमला।
उत्तर प्रदेश के मथुरा में बुधवार रात भीषण सड़क हादसे के दौरान एक की जान चली गयी वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार अलीगढ़-राया रोड पर दीवाना कलां फाटक के पास अलीगढ़ से आ रही रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रैक्टर मिक्सर में घुस गयी।
ट्रैक्टर सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार हेतु नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं पांच श्रमिकों का गोवर्धन चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वहीं घटना देर रात्रि की बताई जा रही है। अलीगढ़ की ओर से मथुरा आ रही अलीगढ़ डिपो की बस दीवाना कलां रेलवे फाटक के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर मिक्सर में घुस गयी। इसमें छह श्रमिक सवार बैठे हुए थे। हादसे में सभी के घायल होने की खबर है।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी और सूचना पर थाना जमुनापार पुलिस ने पहुंचकर घटना में घायल हुए लोगों को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से सभी की नाजुक हालत के चलते निजी अस्पताल को रेफर कर दिया।
पुलिस ने सभी घायलों को गोवर्धन स्थित निजी अस्पताल में एडमिट कराया। घायल श्रमिकों में से जमुनापार थाना क्षेत्र के गौसना गांव के राजपाल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, गौसना के ही नरेश और कल्याणपुर के रहने वाले अशोक की हालत नाजुक बताई जा रही है। अन्य तीन की पहचान नहीं हो पाई है। उनको होश आने पर पुलिस उनसे उनके नाम ,गाँव पता पूछकर स्पष्ट करेगी।
इंस्पेक्टर जमुनापार छोटेलाल ने बताया कि बस चालक मौके से भाग गया है। बस में यात्री भी सवार थे। मगर, हादसे के बाद वह सभी अन्य वाहनों में बैठकर अपने घर के लिए रवाना हो गईं। परिवहन निगम के अधिकारियों को हादसे के संबंध में सूचना दे दी गयी है। संभावना जताई जा रही है कि बस चालक की आँख लगने की वजह से वह आगे चल रहे ट्रैक्टर मिक्सर में घुस गया।
Trending Videos you must watch it