वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर और न्यास गठन के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी ने अपना समर्थन दिया है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन सोमवार को वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने सेवायत गोस्वामियों और स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात की। सपा सांसद ने कहा कि सरकार का यह निर्णय अन्यायपूर्ण है और इससे वृंदावन की प्राचीन कुंज गलियों और धार्मिक परंपराओं को नुकसान पहुंचेगा। सपा सांसद ने कहा कि बांके बिहारी मंदिर का मूल स्वरूप नष्ट करने की कोशिश की जा रही है, जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने न्यास में केवल दो गोस्वामियों को शामिल करने को भी अनुचित बताया और सरकार से अध्यादेश वापस लेने की मांग की। सुमन ने कहा कि समाजवादी पार्टी सेवायतों की हर लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
श्री बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर और मंदिर न्यास गठन को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन को अब समाजवादी पार्टी का खुला समर्थन मिला है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन सोमवार को वृंदावन पहुंचे और विरोध कर रहे सेवायत गोस्वामियों व स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात कर अपना समर्थन जताया।
रामजीलाल सुमन ने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में कहा, सरकार का यह फैसला न सिर्फ मंदिर परंपरा के खिलाफ है, बल्कि वृंदावन की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को भी समाप्त कर देगा। कॉरिडोर के नाम पर कुंज गलियों और छोटे मंदिरों को मिटाने की साजिश हो रही है, जो निंदनीय है।”
उन्होंने कहा कि गोस्वामी समाज की मांगें पूरी तरह जायज़ हैं और समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है। सुमन ने न्यास में केवल दो सेवायतों को शामिल किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह पक्षपातपूर्ण है और सभी हितधारकों को साथ लेकर ही कोई भी फैसला किया जाना चाहिए।
महिलाओं के विरोध को भी मिला समर्थन
सांसद सुमन ने मंदिर क्षेत्र में विरोध कर रही गोस्वामी महिलाओं से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्टी हर मंच पर उनकी आवाज उठाएगी।
स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
सांसद के वृंदावन आगमन पर सपा के जिला व महानगर पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, महानगर अध्यक्ष रितु गोयल, पार्षद मुन्ना मलिक, प्रदेश सचिव अशोक कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सरकार से की कॉरिडोर वापसी की मांग
रामजीलाल सुमन ने कहा कि यदि सरकार इस परियोजना को वापस नहीं लेती, तो समाजवादी पार्टी वृंदावन और बृज क्षेत्र की संस्कृति की रक्षा के लिए आंदोलन तेज करेगी।





