जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में सोमवार रात हुए आतंकी हमले में अब तक 27 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि दो दर्जन से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में पर्यटक और स्थानीय नागरिक, दोनों शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले को लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकियों ने अंजाम दिया। हमले को पिछले ढाई दशकों में पर्यटकों पर सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: वृंदावन: संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा का समय बदला, अब सुबह 4 बजे से होगी शुरुआत, भक्तों की आस्था अटूट
हमले के पीछे लश्कर की साजिश की आशंका
सूत्रों के अनुसार, दो से तीन आतंकियों ने इलाके में 50 राउंड से अधिक गोलियां चलाईं। हमले के बाद आतंकी फरार हो गए हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने बड़ा तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीमें ऑपरेशन में जुटी हैं।
विदेशी नागरिक भी बने निशाना
हमले में नेपाल और यूएई के दो विदेशी नागरिकों की भी मौत आशंका जताई जा रही है। यह घटना ऐसे समय में हुई जब अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भारत दौरे पर हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस हमले को लेकर चिंता जताई जा रही है।
पीएम मोदी ने बुलाई CCS बैठक, देशभर में अलर्ट
हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की आपात बैठक बुलाई है। पीएम फिलहाल सऊदी अरब दौरे पर हैं, लेकिन उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय समीक्षा की है।
वहीं, हमले के बाद दिल्ली, हाराष्ट्र, उज्जैन सहित देश के कई हिस्सों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस को प्रमुख पर्यटन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। महाराष्ट्र में सभी जिलों के एसपी और पुलिस कमिश्नरों को सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उज्जैन में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च और गहन चेकिंग की जा रही है।
राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले पर गहरी संवेदना जताते हुए कहा, आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका भारत के साथ मजबूती से खड़ा है। हम सभी पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं।
PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा, यह हमला सिर्फ कुछ लोगों पर नहीं, बल्कि पूरे समाज पर है। सभी को मिलकर आतंक के खिलाफ खड़ा होना होगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हमले को “कायरतापूर्ण, अक्षम्य और घोर निंदनीय बताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।कर्नाटक के शिवमोग्गा से लोकसभा सांसद बीवाई राघवेंद्र ने हमले में मारे गए अपने क्षेत्र के नागरिक के परिजनों से भेंट की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया.





