उत्तर प्रदेश के संभल जनपद से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है जहां तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो वाहन इंटर कॉलेज की दीवार से जा टकराई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में दूल्हे समेत 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: लेफ्टिनेंट जनरल राहुल आर. सिंह का बड़ा बयान, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हम एक सीमा पर 3 से जंग लड़े।
मृतकों में दूल्हा, महिला और तीन मासूम बच्चे शामिल
हादसे में 24 वर्षीय दूल्हा सूरज पुत्र सुखराम, उसकी भाभी आशा (26), 2 साल की भतीजी ऐश्वर्या, 6 वर्षीय विष्णु पुत्र मनोज, और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हुई है। बोलेरो में कुल 14 लोग सवार थे, जो हरगोविंदपुर (संभल) से बारात लेकर सिरसौल (बदायूं) जा रहे थे।
तेज रफ्तार बनी मौत की वजह, दीवार से टकराकर उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो की रफ्तार बहुत अधिक थी। ड्राइवर ने अचानक नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन इंटर कॉलेज की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और जोरदार धमाके जैसी आवाज आई। आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश की।
पुलिस मौके पर, राहत व बचाव तेज
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत स्थानीय सीएचसी और फिर गंभीर रूप से घायलों को अलीगढ़ रेफर किया गया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
घायल बच्ची का इलाज जारी, महिला की हालत गंभीर
हादसे में घायल एक बच्ची को सीएचसी में भर्ती किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे के बाद शादी की खुशियाँ मातम में बदल गईं। अस्पताल परिसर और गांव में कोहराम मच गया है। दूल्हे की मौत से परिवार और रिश्तेदारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।