मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह के विवादास्पद बयान का मुद्दा अभी थमा नहीं कि अब सूबे के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के सेना वाले बयान पर सियासी घमासान मच गया है। जबलपुर में सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवड़ा ने कहा, पूरा देश, देश की सेना और सैनिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं. उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है.
जबलपुर में सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवड़ा ने भावुक अंदाज में कहा, मन में बहुत क्रोध था कि जो पर्यटक गए थे, उनका धर्म पूछकर चुन-चुनकर मारा गया. महिलाओं को एक तरफ खड़ा करके, उनके सामने गोली मारी गई. बच्चों के सामने गोली मारी गई. उस दिन से पूरे देश के दिमाग में तनाव था कि जब तक इसका बदला नहीं लिया जाएगा, जब तक उन लोगों को नहीं मारा जाएगा जिन्होंने माताओं के सिंदूर को मिटाने का काम किया, तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे. उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है.
मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के एक बयान को लेकर राजनीतिक घमासान मच गया है। कांग्रेस ने उन पर सेना का अपमान करने का आरोप लगाया है, जिसके जवाब में देवड़ा ने कांग्रेस पर उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया है।
देवड़ा ने कहा कि वे जबलपुर में आयोजित सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स के एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय सेना के शौर्य की सराहना की। उन्होंने कहा, “मैंने सिर्फ इतना कहा कि सेना ने जो पराक्रम दिखाया, उसके लिए पूरा देश उनके चरणों में नतमस्तक है। कांग्रेस इसे जानबूझकर गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर रही है।”
डिप्टी सीएम ने कांग्रेस पर मुद्दाविहीन और भ्रमित राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह इस दुष्प्रचार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को अपनी गिरती राजनीतिक स्थिति का आत्ममंथन करना चाहिए।
बता दें कि देवड़ा ने कहा था कि सेना और सैनिकों के चरणों में पूरा देश नतमस्तक है।चूंकि इस बयान से ठीक पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र किया था, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि देवड़ा असल में पीएम मोदी के चरणों में सेना को नतमस्तक बता रहे थे। इसी को लेकर सियासत गरमा गई है।





