जनपद मथुरा में नमामि गंगे जल परियोजना से जुड़ी पाइपलाइन चोरी के मामले का कोसीकला पुलिस और एसओजी टीम ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।
यह भी पढ़ें: आगरा में दिल दहला देने वाली घटना: भाई-बहन की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस व फोरेंसिक टीम
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लोकेंद्र उर्फ लौकी उर्फ विष्णु, निवासी पाली (थाना गोवर्धन), और आशीष नायर, निवासी दुर्ग जिला (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी गजेंद्र उर्फ गगन चौधरी, निवासी पीरोडिया गांव, थाना टप्पल (जनपद अलीगढ़) फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 96 डक्ट पाइप और ₹27,000 नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 18 जून को कोसीकला चौकी क्षेत्र के शाहपुर इलाके में तीन स्थानों से कुल 35 पाइप चुराए थे।
इसके अलावा आरोपियों ने निम्नलिखित स्थानों से भी पाइप चोरी करना स्वीकार किया है:
- चुराहंसी गांव (थाना राया क्षेत्र) – 73 पाइप
- कल्याणपुर (थाना जमुनापार क्षेत्र) – 21 पाइप
- पाली (थाना गोवर्धन क्षेत्र) – 9 पाइप
- जुल्हैंदी गांव (थाना जैत क्षेत्र) – 25 पाइप
इस प्रकार, आरोपियों द्वारा कुल 163 पाइपों की चोरी की गई थी, जो नमामि गंगे परियोजना के तहत जनपद मथुरा में जल आपूर्ति व्यवस्था हेतु बिछाई जा रही पाइपलाइन का हिस्सा थीं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को कैंटीन होटल के पास फैक्ट्री एरिया में एक बंद फैक्ट्री के समीप से गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है, साथ ही चोरी में प्रयुक्त वाहन और अन्य उपकरणों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।एसएसपी मथुरा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम को सराहना दी है ।





