आगरा के कागारौल कस्बे में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोहल्ला करबला निवासी पशु व्यापारी भूरा के दो मासूम बच्चों 11 महीने के अवान और दो साल की माहिरा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम पूरा परिवार एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आगरा गया था और रात को घर लौटने के बाद बच्चों की मां मुस्कान ने दोनों को दूध पिलाकर सुला दिया। रात करीब 12 बजे मुस्कान की नींद खुली तो उसने देखा कि बच्चे कोई हरकत नहीं कर रहे थे। शोर मचाने पर परिजन जागे और बच्चों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।अस्पताल पहुंचने से पहले ही अवान की मौत हो चुकी थी, जबकि माहिरा को प्राथमिक इलाज के बाद दूसरे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुछ देर में उसकी भी मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें: झारखंड कैबिनेट बैठक में 27 प्रस्तावों को मिली मंजूरी, मानसून सत्र समेत कई अहम प्रस्तावों पर लगेगी मुहर
संदेह दूध पर, जांच में जुटी पुलिस
परिजनों का आरोप है कि दूध में ऐसा कोई पदार्थ मिला हो सकता है। बताया जा रहा है की भूरा ने घर से डेयरी से एक लीटर दूध खरीदा था। इसी दूध को बच्चों को पिलाया गया था। घटना के बाद शेष बचा हुआ दूध पुलिस ने जब्त कर लिया है। और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और कोई लिखित शिकायत (FIR) भी पुलिस को नहीं दी गई है।
फोरेंसिक जांच और डेयरी पर छापा
सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और दूध के सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। पुलिस ने दूध की दुकान और घर दोनों स्थानों से सैंपल लिए हैं।खाद्य विभाग की टीम ने डेयरी पर पहुँची। टीम को देखकर इलाके के कई दूध विक्रेताओं ने अपनी दुकानों के शटर बंद कर लिए और मौके से भाग निकले।
स्थानीय प्रशासन का बयान
एसीपी सुकन्या शर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। फोरेंसिक और खाद्य विभाग की टीमें भी जांच कर रही हैं। हलवाई से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।





