पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने ट्विटर पर इस दुखद खबर की जानकारी दी। आज शाम उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें AIIMS में एडमिट कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। डॉ. मनमोहन सिंह लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे, और इससे पहले भी उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती किया जा चुका था।
यह भी पढ़ें: BIG BREAKING: शादी के नाम पर लूट करने वाली दुल्हन समेत चार गिरफ्तार, पुलिस ने किया खुलासा।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन हो गया। उन्होंने 92 वर्ष की आयु में गुरुवार रात दिल्ली के एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें शाम के समय एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया था। सूत्रों के अनुसार, उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।
इस बीच, कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस की कार्यसमिति की बैठक को रद्द कर दिया गया है और सभी कार्यक्रमों को कैंसिल कर दिया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं ने दिल्ली के लिए प्रस्थान किया है। इससे पहले, 13 अक्टूबर 2021 को भी मनमोहन सिंह को स्वास्थ्य समस्याओं के कारण एम्स में भर्ती कराया गया था।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा का बयान, मनमोहन सिंह थे महान अर्थशास्त्री
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह दुनिया के महान अर्थशास्त्री, भारत में आर्थिक सुधारों के जनक और देश को प्रगति की राह पर अग्रसर करने वाले नेता थे। अपने काम के जरिए उन्होंने भारत को वैश्विक पहचान दिलाई। हुड्डा ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसे निकट भविष्य में भर पाना बेहद मुश्किल होगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवारजनों तथा समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।
रॉबर्ट वाड्रा का ट्वीट: सबसे पहले दी मनमोहन सिंह के निधन की सूचना
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने ट्वीट करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। हमारे देश के लिए उनके योगदान और सेवा के लिए हम हमेशा उनके आभारी रहेंगे। देश में उनके द्वारा लाई गई आर्थिक क्रांति और प्रगतिशील बदलावों को हमेशा याद किया जाएगा।